1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 09, 2026, 8:55:00 PM
दियारा में अब दबंगों की नहीं चलेगी मनमानी - फ़ोटो सोशल मीडिया
KATIHAR: कटिहार जिले के दियारा क्षेत्रों में किसानों की जमीन पर अवैध कब्जा और तैयार फसल की जबरन कटाई की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब विशेष कार्य बल (STF) की तैनाती कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, कुर्सेला, बरारी और सेमापुर थाना क्षेत्रों के किसानों ने लंबे समय से शिकायत की थी कि कुछ दबंग तत्व उनकी फसल जबरन काट लेते हैं। विरोध करने पर किसानों को धमकाया भी जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ने राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय को विशेष सुरक्षा बल तैनात करने का प्रस्ताव भेजा था।
सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब कुरसेला थाना क्षेत्र के गोबराही और मलिनिया दियारा, बरारी थाना क्षेत्र के बकिया सुखाय दियारा, जौनिया, गोबराही, डरवई और भवानीपुर दियारा, वहीं सेमापुर थाना क्षेत्र के मोहना चांदपुर दियारा समेत कुल 13 संवेदनशील इलाकों में STF जवानों की तैनाती कर दी गई है। इन क्षेत्रों में STF ने गश्ती भी शुरू कर दी है।
कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि किसानों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दियारा क्षेत्र में किसी भी तरह की दबंगई, रंगदारी और अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों के हितों की रक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।