1st Bihar Published by: Ajit Kumar Updated Apr 10, 2026, 2:37:52 PM
हत्याकांड का खुलासा - फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: जहानाबाद के कड़ौना थाना क्षेत्र में 6 अप्रैल को गुरुकुल हॉस्टल में हुए मासूम छात्र की निर्मम हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी देते हुए एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया था।
जांच के शुरुआती चरण में हॉस्टल संचालक तरुण कुमार उर्फ गांधी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में उसे जेल भेज दिया गया। इसके बाद जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने पाली थाना क्षेत्र निवासी कैंटीन गार्ड मुकेश कुमार उर्फ सुदामा को हिरासत में लिया।
कड़ी पूछताछ के दौरान मुकेश कुमार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी घटना का खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि वह अकेला रहता था और उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से तनावग्रस्त और आक्रोशित रहता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि हॉस्टल संचालक से उसके संबंध अच्छे नहीं थे और वह हॉस्टल को बदनाम कर बंद करवाना चाहता था। इसी वजह से उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। एसपी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा, ताकि उसे जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जा सके।