1st Bihar Published by: Dheeraj Kumar Updated May 07, 2026, 4:32:34 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: जमुई जिले के गरही थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम हुई लूटपाट की घटना का पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के कब्जे से लूटी गई होंडा बाइक भी बरामद कर ली गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, मैनीजोर निवासी सुमित कुमार बुधवार की शाम गरड़ी बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गरही डैम के समीप सुनसान इलाके में पहले से घात लगाए बैठे तीन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने हथियार का भय दिखाते हुए सुमित कुमार के साथ मारपीट की और उनसे 12 हजार रुपये नकद तथा होंडा बाइक लूटकर फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने गरही थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई और इलाके में छापेमारी अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गरही थाना क्षेत्र के रोपावेल भलुआही निवासी राहुल कुमार, प्रदीप कुमार और शिव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई होंडा बाइक भी बरामद कर ली है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
थाना अध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा ने बताया कि पीड़ित सुमित कुमार को फोन कर बिजली के काम के बहाने गरड़ी बाजार बुलाया गया था। इसी योजना के तहत तीनों आरोपी पहले से डैम के पास सुनसान जगह पर छिपे हुए थे। जैसे ही सुमित वहां पहुंचे, आरोपियों ने हथियार के बल पर उनसे लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। थाना अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।