Double Money Scheme fraud: मिथिलांचल क्षेत्र में "24 घंटे में पैसा डबल" करने का झांसा देकर एक फर्जी निजी कंपनी ने दरभंगा और मधुबनी जिले के लोगों से 1 करोड़ 16 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार पूछताछ जारी है |
इस सनसनीखेज साइबर ठगी मामले में दरभंगा पुलिस ने पटना के कंकड़बाग इलाके से एक आरोपी नीतेश कुमार झा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने क्रिप्टो करेंसी के टोकन खरीदने के नाम पर 24 घंटे में दोगुना पैसा और 7 महीने में 400 प्रतिशत तक का लाभ मिलने का लालच देकर लोगों को जाल में फंसाया। इस मामले में दरभंगा निवासी विवेकानंद महाराज की शिकायत पर साइबर थाना में BNS और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
दरभंगा के साइबर डीएसपी राहुल कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी, जिसने मैन्युअल और तकनीकी निगरानी के माध्यम से आरोपी को ट्रैक कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नीतेश झा मधुबनी जिले का रहने वाला है। इससे पहले इस मामले में एक अन्य आरोपी अजय कुमार राय को भी बेगूसराय से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।






