Bihar news: बिहार के मुंगेर जिले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एक नेता पर जानलेवा हमला किया गया है। मामला कासिम बाजार थाना क्षेत्र के संदलपुर का है, जहां मंगलवार देर शाम लोजपा (रामविलास) के जिला महासचिव राजेश यादव पर कुछ लोगों ने घर में घुसकर लाठी और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
परिजनों ने घायल राजेश यादव को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी सुरेश यादव, सागर यादव, सुमन यादव, सूरज यादव समेत अन्य लोग अचानक घर में घुस आए और उन्हें बेरहमी से पीटा।राजेश यादव का आरोप है कि सुरेश यादव की ओर से उनसे लगातार रंगदारी की मांग की जा रही थी, और विरोध करने पर गाली-गलौज व धमकी दी जाती थी।
इस संबंध में कासिम बाजार थानाध्यक्ष रुबीकांत कच्छप ने कहा कि मारपीट की घटना की पुष्टि हुई है। पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हो गई है और केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






