Bihar Crime News: बिहार के छपरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी सिम कार्ड का उपयोग करके छपरा के एसपी डॉ. कुमार आशीष समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। इस मामले में पुलिस ने बिहार सहित अन्य राज्यों से चार साइबर अपराधियों को 124 सिम कार्ड के साथ गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को सारण पुलिस ने इस गिरोह का खुलासा किया, जो फर्जी सिम कार्ड एक्टिव करके वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों से धोखाधड़ी कर रहा था। एएसपी राम पुकार सिंह ने बताया कि पिछले एक साल से यह गिरोह पुराना सामान बेचने के नाम पर लोगों से रुपयों की ठगी कर रहा था। इस संबंध में साइबर थाना में कांड संख्या 245/24 के तहत जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी अनुसंधान के आधार पर 17 सितंबर 2025 को भागलपुर से दो अभियुक्त—हर्ष राज और प्रियांशु राज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे गांव-गांव जाकर सिम कार्ड बेचते थे और जिस व्यक्ति को सिम देते थे, उसके आधार और पहचान के आधार पर दूसरा सिम कार्ड धोखाधड़ी से एक्टिव कर देते थे। इसके बाद यह सिम कार्ड राजस्थान में साइबर अपराधियों को बेच दिया जाता था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले से दो और अभियुक्त—मुन्फेद खान और अजहरुद्दीन खान को भी गिरफ्तार किया। इनके पास से 4 मोबाइल और 124 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। यह गिरोह फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर ठगी करता था।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा




