1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated May 10, 2026, 6:07:37 PM
बीजेपी विधायक रंजन कुमार - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर में बीजेपी विधायक रंजन कुमार पर सोशल मीडिया में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी मुकुंद कुमार उर्फ मुकुंद तिवारी पर हत्या, आर्म्स एक्ट, जालसाजी और उत्पाद अधिनियम समेत सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। मामले की जानकारी एसएसपी ने दी।
दरअसल, मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। पुलिस के मुताबिक 9 मई 2026 को नगर विधायक रंजन कुमार ने मिठनपुरा थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि मुकुंद कुमार उर्फ मुकुंद तिवारी उनकी तस्वीर का बिना अनुमति सोशल मीडिया पर इस्तेमाल कर आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी कर रहा था।
विधायक ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया कि मामले को लेकर जब वह अपने सहयोगियों के साथ आरोपी के घर पूछताछ के लिए पहुंचे, तब आरोपी पक्ष की ओर से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर मिठनपुरा थाना कांड संख्या 136/26 दर्ज किया गया।
इधर, मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया। मुकुंद तिवारी की पत्नी ने पुलिस को आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके घर पर 10 नामजद और करीब 50 से 60 अज्ञात लोगों ने पहुंचकर हंगामा और मारपीट की। इस मामले में मिठनपुरा थाना कांड संख्या 137/26 दर्ज किया गया है।
एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मिठनपुरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 मई 2026 को आरोपी मुकुंद कुमार उर्फ मुकुंद तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पर पूर्व से कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, जालसाजी, उत्पाद अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े कांड शामिल हैं।