Bihar Crime News: गोपालगंज जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। प्रवर्तन अवर निरीक्षक गीता कुमारी को ड्यूटी के दौरान ओवरलोड ट्रक पकड़ने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, उनसे रिश्वत लेने के लिए लगातार दबाव बनाया गया। इस घटना ने पुलिस-प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 1 सितंबर 2025 की है। गीता कुमारी ने नगर थाना क्षेत्र में ट्रक की जांच की। ट्रक को किसान धर्मकांटा पर तौल कराया गया, तो उसका वजन 57,980 किलोग्राम निकला, जो तय सीमा से कहीं ज्यादा था। नियमों के मुताबिक ट्रक पर जुर्माना लगाया गया। लेकिन इसी दौरान ट्रक चालक लगातार किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था।
फोन पर उससे कहा जा रहा था कि “वाहन से अधिकारी को धक्का मारकर भाग जाओ, बाकी हम देख लेंगे।” इस पूरी घटना का फोटो भी अधिकारी ने सुरक्षित कर लिया। मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। अगले ही दिन 2 सितंबर को सुबह 11:39 बजे, गीता कुमारी के सरकारी मोबाइल नंबर पर अलग-अलग अज्ञात नंबरों से लगातार कॉल आने लगे।
कॉल करने वाले न केवल उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे, बल्कि रिश्वत लेकर मामला रफा-दफा करने का दबाव भी बना रहे थे। यहां तक कि मोबाइल नंबर 9509294393 से उन्हें एक मैसेज भेजा गया। साफ लिखा गया पैसा देकर मामला मैनेज कर लो, नहीं तो किसी भी जिले में नौकरी नहीं करने दिया जाएगा। लगातार धमकियों और दबाव से परेशान होकर गीता कुमारी ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई और अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई।
इस पूरे मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं और पुलिस का दावा है कि जल्द ही धमकी देने वालों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न सिर्फ कानून व्यवस्था को चुनौती है, बल्कि उन ईमानदार अधिकारियों के लिए भी खतरे की घंटी है, जो पूरी निष्ठा और ईमानदारी से ड्यूटी निभा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कितनी कड़ी कार्रवाई करता है और गीता कुमारी जैसी अधिकारियों को किस तरह सुरक्षा मुहैया कराता है।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज





