Bihar Crime News: मोतिहारी के कोटवा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज खबर है, जहां तेल चोर गिरोह ने होटल संचालक के पिता उपेंद्र राय की गोली मारकर हत्या कर दी है। यह घटना न्यू चंडीगढ़ ढाबा के पास हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना मंगलवार देर रात मोतिहारी के कोटवा थाना क्षेत्र के कदम चौक के पास न्यू चंडीगढ़ ढाबा पर हुई है। 60 वर्षीय उपेंद्र राय होटल संचालक चुटु राय के पिता थे, वह रात में ढाबे पर सो रहे थे। रात करीब 1 बजे उन्हें संदेह हुआ कि कोई ट्रक से तेल चुरा रहा है। जैसे ही वे लाठी लेकर चोरों की ओर बढ़े, अज्ञात तेल चोरों ने उन पर गोली चला दी। गोली उपेंद्र के सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। कोटवा थानाध्यक्ष प्रतियूष कुमार विक्की ने बताया है कि अज्ञात बदमाशों द्वारा हत्या की गई है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
बताया जा रहा है कि NH के किनारे तेल चोर गिरोह काफी सक्रिय है। कुछ दिन पहले इसी थाना क्षेत्र में एक लाइन होटल पर तेल चोरी का विरोध करने पर एक बच्चे को भी ऐसे ही गोली मार दी गई थी। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
रिपोर्टर: सोहराब आलम






