Bihar Crime News: बिहार के खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के फुदकीचक गांव में पुराने विवाद के चलते बदमाशों ने कन्हैया कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना में बदमाशों ने पहले तो कन्हैया को बेरहमी से पीटा। फिर मारपीट की सूचना पर 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी कन्हैया को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। लेकिन इलाज के बाद घर लौटते समय फिर बदमाशों ने कन्हैया पर हमला बोलकर उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। गोगरी एसडीपीओ रमेश कुमार ने बताया है कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और घटनास्थल से कई खोखे बरामद हुए हैं। परिजनों के आवेदन के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्या पुराने विवाद के कारण हुई है।
इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि सभी दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर: अनिश कुमार






