Bihar Crime News: जमुई के झाझा थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने CSP संचालकों से 16 लाख रुपये लूट लिए। जिसके बाद भागने के दौरान लुटेरों की कार ने एक ग्रामीण को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है।
यह घटना झाझा थाना क्षेत्र के नागी नकटी इलाके की है। शुक्रवार देर शाम करीब 6 बजे CSP संचालक राजेश बरनवाल और सुभाष झाझा स्टेट बैंक से 16 लाख रुपये निकालकर करहरा लौट रहे थे। नागी नकटी के पास एक मारुति डिजायर कार ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोका। चार नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने गोली मारने की धमकी देकर पैसे से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
घटना की सूचना पर झाझा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लुटेरों का पीछा किया। मधुआ गांव के पास अपराधियों की कार ने मवेशियों और एक ग्रामीण को टक्कर मार दी, जिससे ग्रामीण की मौके पर मौत हो गई। कीचड़ में कार फंसने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन को घेर लिया और एक अपराधी को पकड़ लिया, जबकि चार अन्य फरार हो गए।
पुलिस ने पकड़े गए अपराधी से पूछताछ शुरू कर दी है और फरार लुटेरों की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है। घटनास्थल से मारुति डिजायर कार जब्त की गई है। झाझा थाना पुलिस जल्द ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
रिपोर्टर: धीरज कुमार सिंह



