Bihar Crime News: बेतिया के चनपटिया थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना के बाद एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य ससुराल वाले फरार हैं। यह घटना चनपटिया थाना क्षेत्र के चुहड़ी, मिस्कार टोला वार्ड नंबर 14 की है, जहां रविवार को 22 वर्षीय सनकेसी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में गला दबाकर हत्या कर दी गई। सनकेसी, सिरिसिया भागड़वा वार्ड नंबर 7 निवासी केदार साह की पुत्री थी और उसकी शादी 30 अप्रैल को शिवम कुमार (पिता स्व. शंकर साह) से हुई थी।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के समय ससुराल पक्ष को 18 लाख रुपये दहेज दिया गया था, लेकिन बाद में वे अतिरिक्त 2 लाख रुपये की मांग करने लगे। रुपये न देने पर सनकेसी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। रविवार को ससुराल वालों ने चरम कदम उठाते हुए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना पर चनपटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, भसुर सत्यम कुमार, गोतनी रेखा देवी और सास मौके से फरार हो गए।
मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने दहेज की लालच को बेटी की हत्या का कारण बताया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच में जुट गई है।
रिपोर्टर: संतोष कुमार



