Bihar Crime News: आरा के गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव में शादी समारोह के दौरान दो गुटों में भिड़ंत हो गई। गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए हैं। मृतक लहरपा गांव के निवासी थे। खबरों के मुताबिक पुरानी रंजिश के कारण घटना को अंजाम दिया गया है। गोलीबारी में घायल लोगों का इलाज आरा के अस्पताल में चल रहा है जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
खबरों के मुताबिक भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र अन्तर्गत लहरपा गांव में रविवार की रात शादी समारोह के दौरान दो गुटों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर 7 लोगों को गोली मार दी। जिसमें दो की मौत हो गई। जबकि, पांच लोग घायल बताए जाते हैं। मृतकों में लहरपा गांव निवासी 23 वर्षीय लवकुश कुमार और 23 वर्षीय राहुल कुमार शामिल हैं।
गोलीबारी में घायल लोगों में से किसी के पेट तो किसी के पैर में गोली लगी है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। जानकारी के अनुसार लहरपा गांव निवासी कमलेश कुशवाहा के घर रविवार की रात काउप गांव से बारात आई थी। घटना के समय रात में बारात दरवाजे पर पहुंचने वाली थी। इस दौरान अधिक भीड़ थी और रास्ते पर जाम लगा था।
इसी दौरान थार गाड़ी पर सवार लोगों से भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते बात गोलीबारी तक पहुंच गई। ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू होने से अफरातफरी मच गई। गोली लगने से लवकुश कुमार की मौके पर मौत हो गई। जबकि राहुल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि, 5 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही गड़हनी थानाध्यक्ष रणवीर कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले का जांच कर रही है।






