Bihar Crime News: बिहार के अररिया जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दुल्हन शादी के दिन तैयार होकर घंटों दूल्हे और बारात का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा मंडप तक पहुंचा ही नहीं। यह घटना मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां रानीगंज थाना क्षेत्र के विस्टोरिया पंचायत, वार्ड 18 निवासी युवक की शादी पूर्णिया जिले की एक युवती से तय हुई थी।
दुल्हन पक्ष ने शादी की पूरी तैयारी कर रखी थी। भक्त प्रह्लाद मंदिर, बनमनखी में 2 जुलाई को विवाह होना था। लड़की वालों ने लड़के के परिवार को डेढ़ लाख रुपये नकद, फर्नीचर और अन्य उपहार भी दिए थे। फलदान और कुम्हरन की रस्में भी पूरी कर ली गई थीं।
शादी के दिन मंदिर में लगभग 100 बारातियों और मेहमानों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई थी। लेकिन न तो बारात आई और न ही दूल्हा। बुधवार की रात लड़की और उसका परिवार इंतजार करता रहा। गुरुवार सुबह जब वे लड़के के घर पहुंचे तो पाया कि लड़का घर से फरार हो चुका है।
थक-हारकर लड़की के परिजन रानीगंज थाना पहुंचे और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। रानीगंज थानाध्यक्ष रवि रंजन ने बताया कि दोनों पक्षों को काउंसेलिंग के लिए बुलाया गया है और अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से दुल्हन और उसके परिवार में गहरी मायूसी है। पुलिस अब दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रही है।

