1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated May 29, 2026, 4:00:34 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय शहर के मारवाड़ी मोहल्ला स्थित यूको बैंक की मुख्य शाखा में अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। बैंक परिसर में गोली चलने की आवाज सुनते ही ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस घटना में बैंक का एक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
घायल युवक की पहचान 31 वर्षीय अनिल दीक्षित के रूप में हुई है, जो यूको बैंक में डेली वेजेस ऑफिस बॉय के तौर पर कार्यरत है। जानकारी के अनुसार कैश मैनेजमेंट कंपनी SIS की कैश वैन बैंक की मुख्य शाखा में कैश लेने पहुंची थी। इसी दौरान अनिल दीक्षित कैश बॉक्स को लेकर कैश वैन में रख रहा था। तभी कैश वैन में तैनात गार्ड वरुण सिंह की बंदूक से अचानक गोली चल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोली चलते ही बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। गोली अनिल दीक्षित के दाहिने जांघ में लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा। बैंक में मौजूद लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद बैंक कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कैश वैन गार्ड वरुण सिंह को हथियार समेत हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में गार्ड ने बताया कि हथियार हाथ से छूटकर नीचे गिर गया था, जिसके कारण अचानक गोली चल गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद बैंक कर्मचारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बैंक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और हथियारों के रख-रखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर गोली किसी अन्य दिशा में चलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मामले को लेकर सदर एएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि सुरक्षा कर्मी के लाइसेंसी हथियार से एक्सीडेंटल फायरिंग हुई है। फायरिंग के दौरान बैंक का एक स्टाफ घायल हो गया है, जिसका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।