1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 29, 2026, 6:20:04 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 10वीं पास छात्र का अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश और फेक आईडी बनाकर आपत्तिजनक फोटो वायरल करने का विवाद बताया जा रहा है।
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंकौल गांव का है। मृतक छात्र की पहचान राम उदय यादव के बेटे विकास कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक विकास हाल ही में मैट्रिक परीक्षा पास किया था।
बताया जा रहा है कि गांव का ही मोहित कुमार 26 मई को विकास को सरकारी सहायता राशि के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरवाने के बहाने अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद विकास घर वापस नहीं लौटा। देर रात तक बेटे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने 27 मई को मुफस्सिल थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और सबसे पहले मोहित कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में मोहित टूट गया और उसने पूरे अपहरण की साजिश का खुलासा कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मोहित ने विकास को बहाने से बुलाकर मुख्य आरोपी विकास के हवाले कर दिया। इसके बाद आरोपी छात्र को खगड़िया जिले में ले गए, जहां उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि छात्र का गला दबाया गया और उसे बुरी तरह पीटा भी गया। हत्या के बाद शव को बेलदौर थाना क्षेत्र के नदी किनारे फेंक दिया गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 28 मई को खगड़िया जिले से छात्र का शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के पिता उचित यादव ने बताया कि करीब पांच महीने पहले आरोपी विकास ने उनके बेटे के नाम से फेक सोशल मीडिया आईडी बनाई थी। उसी फर्जी आईडी से एक लड़का और लड़की की आपत्तिजनक तस्वीर वायरल कर दी गई थी। मामला सामने आने के बाद परिवार की काफी बदनामी हुई थी।
इसके बाद उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। परिजनों का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी लगातार धमकी दे रहा था और बदला लेने की बात करता था।
पिता का कहना है कि इसी रंजिश में उनके बेटे का अपहरण कर हत्या की गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस मामले में बेगूसराय एसपी मनीष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि छात्र का अपहरण कर हत्या की गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।