Hindi News / crime / शराब तस्कर ने पुलिस टीम पर किया हमला, दांत काटकर सिपाही को किया...

शराब तस्कर ने पुलिस टीम पर किया हमला, दांत काटकर सिपाही को किया घायल

आरोपी की पहचान नरईपुर चीनी मिल निवासी शमीम अहमद के रूप में हुई है। वह पहले भी शराब तस्करी के कई मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 13, 2026, 3:18:20 PM

बिहार न्यूज

10 लीटर शराब बरामद - फ़ोटो रिपोर्टर

BAGAHA:बगहा के पटखौली थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर एक तस्कर ने हमला कर दिया, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। इस झड़प में आरोपी भी जख्मी हुआ है। दोनों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना बगहा रेलवे स्टेशन के पास की है।


जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि सेमरा-बगहा मुख्य मार्ग से बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी होने वाली है। सूचना के आधार पर क्यूआरटी के एसआई शौकत अली और एलटीएफ के एसआई एस.के. मांझी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर निगरानी कर रहे थे।


इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो बड़े झोलों के साथ आता दिखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया। भागते हुए तस्कर रेलवे लाइन की ओर गया और पुलिस पर पत्थरबाजी करने लगा।


पीछा कर रहे सिपाही मिथलेश कुमार ने बहादुरी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने सिपाही पर पत्थर से हमला किया और दांत से काटकर घायल कर दिया। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उसे काबू में कर लिया गया।


तलाशी लेने पर उसके झोलों से कुल 10 लीटर देशी शराब बरामद की गई। घायल सिपाही और आरोपी को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा ले जाया गया, जहां डॉक्टर अभिषेक कुमार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया।


पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरईपुर चीनी मिल निवासी शमीम अहमद के रूप में हुई है। वह पहले भी शराब तस्करी के कई मामलों में जेल जा चुका है। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।