Bihar News: बिहार सरकार ने पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल यानी PMCH को देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों की तर्ज पर उच्चस्तरीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने की दिशा में बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी पुनर्विकास परियोजना के तहत 4315 नए पदों का सृजन किया गया है, जिसमें डॉक्टर, नर्स, तकनीशियन और अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।
वर्तमान में PMCH में 1750 बेड और करीब 1554 स्वास्थ्यकर्मी कार्यरत हैं। पुनर्विकास परियोजना के पूर्ण होने के बाद बेड की संख्या बढ़कर 5462 हो जाएगी, जिससे यह देश के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थानों में शामिल हो जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इन 4315 पदों में 3,000 ए ग्रेड नर्सिंग पद, 71 विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी, 152 वार्ड सिस्टर, 167 मेडिकल ऑफिसर, PRO, डाइटिशियन, कार्डियो टेक्नीशियन के 22 पद, 43 फार्मासिस्ट, 43 एक्स-रे टेक्नीशियन, 81 OT सहायक, MRI, CT स्कैन, DSA, DR, अल्ट्रासाउंड तकनीशियन के 200 पद, 200 डाटा एंट्री ऑपरेटर, 128 LDC, ड्रेसर के 56 पद शामिल हैं। इन पदों को लेकर फाइल महालेखाकार (AG) कार्यालय को आवश्यक प्रक्रिया के लिए भेजी जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि PMCH का पुनर्विकास एम्स नई दिल्ली के मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। अस्पताल के पहले चरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है और नई इमरजेंसी यूनिट शुरू होने की प्रतीक्षा की जा रही है। प्रशासनिक ढांचे में भी बदलाव किया गया है। अधीक्षक का पद यथावत रहेगा, जबकि उप अधीक्षकों की संख्या दो से बढ़ाकर तीन की जा रही है।





