1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 20, 2026, 5:03:27 PM
- फ़ोटो
NEET-UG 2026 re-exam: NEET UG परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत की घोषणा की है. परीक्षा के दिन छात्रों को अपने सेंटर तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पूर्व मध्य रेलवे ने 21 जून को 9 स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है. रेलवे ने इन ट्रेनों के रूट और समय सारणी भी जारी कर दी है.
रेलवे के इस फैसले से उन छात्रों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा, जिन्हें परीक्षा देने के लिए दूसरे शहरों में जाना होगा. परीक्षा के दिन सड़क मार्ग पर बढ़ने वाली भीड़ और जाम की स्थिति को देखते हुए रेलवे ने यह विशेष व्यवस्था की है.
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चन्द्र ने बताया कि NEET परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. इसके लिए रेलवे की ओर से जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
उन्होंने बताया कि ट्रेनों का शेड्यूल इस तरह तैयार किया गया है, जिससे परीक्षार्थी समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र वाले शहर तक पहुंच सकें. साथ ही यात्रा के दौरान छात्रों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिल सके.
इन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे के अनुसार पटना-दरभंगा, पटना-गया, दानापुर-झाझा, झाझा-दानापुर, पटना-बक्सर, बक्सर-पटना, वाराणसी-पटना, रांची-डाल्टनगंज और रांची-धनबाद रूट पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी.
इन रूटों से बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा देने के लिए यात्रा करते हैं. ऐसे में रेलवे की इस पहल से अभ्यर्थियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
जानिए 9 स्पेशल ट्रेनों का पूरा टाइम टेबल
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दिन ट्रेनों के परिचालन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. जरूरत पड़ने पर स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो.
इसके अलावा रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे की संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें.