Hindi News / bihar / vaishali-news / बिहार में शादी का पंडाल बना मैदान-ए-जंग: बाराती और सराती आपस में भिड़े,...

बिहार में शादी का पंडाल बना मैदान-ए-जंग: बाराती और सराती आपस में भिड़े, जयमाला के बाद दुल्हन ने शादी से किया इनकार

Bihar News: वैशाली में शादी समारोह के दौरान बाराती और सराती पक्ष में जमकर मारपीट हो गई. विवाद के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और दूल्हे को बिना दुल्हन लौटना पड़ा.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 19, 2026, 3:04:35 PM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar News: बिहार के वैशाली जिले में एक शादी समारोह उस समय हिंसक झड़प में बदल गया जब बाराती और सराती पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए।


दरअसल, यह घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव की है, जहां जंदाहा से बारात आई थी। नाच-गाने के बीच जयमाला का कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और उस समय तक माहौल सामान्य था। लेकिन इसके बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई।


जानकारी के अनुसार, जयमाला के बाद दुल्हन अपने कमरे में चली गई थी, जहां वह अपनी सहेलियों के साथ बैठी हुई थी। इसी दौरान दूल्हे पक्ष के कुछ युवक, जो खुद को दूल्हे के दोस्त बता रहे थे, जबरन कमरे में घुस गए। इस बात पर दुल्हन पक्ष नाराज हो गया और युवकों को समझाकर बाहर निकाल दिया गया।


इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। पंडाल में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों के घायल होने की खबर है।इसी बीच सबसे बड़ा घटनाक्रम तब हुआ जब दुल्हन ने जयमाला के बाद ही शादी से इनकार कर दिया। इसके चलते दूल्हे को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। स्थानीय स्तर पर मामले को सुलझाने की कोशिश जारी है।