1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 30, 2026, 3:33:17 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar News: बिहार के वैशाली जिले के पातेपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को उसके इंस्टाग्राम प्रेमी के साथ आम के बगीचे में पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने दोनों की शादी करवा दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के छपकी पोखर स्थित आम के बगीचे में महिला और उसका प्रेमी मुलाकात कर रहे थे, तभी ग्रामीणों ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई भी की, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। बाद में स्थिति सामान्य होने पर दोनों को वापस लाया गया और गांव के लोगों ने छपकी पोखर स्थित मंदिर में उनकी शादी करा दी। पूरी शादी की रस्में ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में संपन्न हुईं। इस दौरान बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं।
महिला की पहचान खुशी कुमारी और उसके प्रेमी की पहचान परदेशी कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले एक साल से इंस्टाग्राम के जरिए प्रेम संबंध था और वे लगातार संपर्क में थे। खुशी कुमारी की शादी करीब दो साल पहले राजीव पासवान से हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं।
महिला ने ग्रामीणों के सामने कहा कि वह अब अपने पहले पति के साथ नहीं रहना चाहती और परदेशी कुमार के साथ ही जीवन बिताएगी। वहीं, उसके पति राजीव पासवान ने बताया कि उनकी पत्नी का दूसरे युवक के साथ प्रेम संबंध था। उन्होंने कहा कि जब दोनों को पकड़ा गया, तो दोनों साथ रहने को तैयार थे, इसलिए वह अब पत्नी को अपने साथ नहीं रखना चाहते। उनकी शादी 2022 में हुई थी और उनके दो छोटे बेटे हैं।