Hindi News / bihar / vaishali-news / बिहार में गंगा घाट पर हादसा: युवती को बचाने के चक्कर में 6...

बिहार में गंगा घाट पर हादसा: युवती को बचाने के चक्कर में 6 लोग डूबे, चार को लोगों ने बचाया; दो अब भी लापता

Bihar News: वैशाली के रुस्तमपुर गंगा घाट पर गंगा में डूब रही युवती को बचाने के चक्कर में 6 लोग डूब गए. चार को तो वहां मौजूद लोगों ने बचा लिया लेकिन दो लोग गंगा की तेज धार में बह गए. नदीं में SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 12, 2026, 7:54:18 PM

Bihar News

- फ़ोटो Google

Bihar News: बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा हुआ है। रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा नदी में रविवार सुबह नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक युवती को डूबने से बचाने की कोशिश में छह लोग नदी की तेज धारा में फंस गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो लोग लापता हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सभी परिजन तुरंत रुस्तमपुर घाट पहुंच गए। स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद रुस्तमपुर थाना पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची।


एसडीआरएफ की दो टीमों ने पूरे दिन गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन रविवार शाम तक लापता युवक-युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह से फिर से खोजबीन शुरू करने की बात कही गई है।


लापता दोनों की पहचान पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र के पवेरा निवासी अरविंद शर्मा के पुत्र निशांत कुमार और दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी सुधीर शर्मा की पुत्री मानती कुमारी के रूप में हुई है। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं।


जानकारी के मुताबिक, रविवार को परिवार के सात सदस्य स्नान के लिए रुस्तमपुर कच्ची दरगाह घाट पहुंचे थे। इसी दौरान मानती कुमारी गहरे पानी में डूबने लगीं, जिन्हें बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी नदी में उतर गए और सभी डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने चार को बचा लिया, लेकिन निशांत और मानती तेज बहाव में बह गए। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, एसडीआरएफ टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।