SAMASTIPUR:बिहार के समस्तीपुर जिले में रहने वाले क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया। इसे लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ल्ड कप फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी है।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को बधाई और शुभकामनाएं दी। सीएम नीतीश ने एक्स पर लिखा कि "आज अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मैच में बिहार के क्रिकेटर श्री वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है। नीतीश कुमार ने कहा कि वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं। मेरी शुभकामना है कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रौशन करें।"
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गये मैच में भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। वैभव ने 55 गेंदों पर शतक बनाया। वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों पर 15 छक्के और 15 चौके मारकर 175 रन बनाये। भारत ने इंगलैंड के सामने 412 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा है। इसमें वैभव की बड़ी भूमिका है। वैभव के इस शानदार प्रदर्शन से समस्तीपुर सहित पूरे बिहार में जश्न का माहौल है।



