1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 14, 2026, 12:17:03 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime : बिहार के सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गौसी हाता गांव स्थित एक कोचिंग संस्थान पर असामाजिक तत्वों ने बम फेंक दिया। घटना में कोचिंग में पढ़ाई कर रही छह छात्राएं घायल हो गईं। धमाके की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया और छात्र-छात्राएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय की है जब रोज की तरह कोचिंग संचालक दीपू कुमार की क्लास चल रही थी और बड़ी संख्या में छात्राएं कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रही थीं। इसी दौरान तीन युवक बाइक से वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने कोचिंग गेट के सामने रुककर अचानक कमरे की ओर बम फेंक दिया। बम फटते ही तेज धमाका हुआ और कमरे में धुआं भर गया। धमाके से छात्राओं के बीच चीख-पुकार मच गई।
इस हमले में चांदनी कुमारी, निक्की कुमारी, गोल्डी कुमारी, आरुषा कुमारी, साजिद अली और सुमैया खातून घायल हो गए। सभी को बम के छर्रे लगे हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। हालांकि, घटना के बाद छात्राओं और अभिभावकों में डर का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से बम के अवशेष और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने कोचिंग के कमरे और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की तथा कई अहम साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री की जांच के बाद ही बम के प्रकार और हमलावरों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
कोचिंग संचालक दीपू कुमार ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कोचिंग के बैनर और पोस्टर फाड़े गए थे। उस समय उन्होंने मामले को गंभीरता से नहीं लिया था, लेकिन अब बम फेंकने जैसी घटना ने उन्हें और छात्रों को डरा दिया है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह दिनदहाड़े कोचिंग में पढ़ रहे बच्चों को निशाना बनाया गया, उससे इलाके में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। कुछ लोग इसे आपसी रंजिश से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।