Hindi News / bihar / siwan-news / सीवान में बाइक लूट के दौरान युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत

सीवान में बाइक लूट के दौरान युवक को मारी गोली, इलाके में दहशत

सीवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में बाइक लूट के दौरान बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक की पहचान आजाद अली के रूप में हुई है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 11, 2026, 10:49:46 PM

बिहार न्यूज

अपराधियों का तांडव जारी - फ़ोटो सोशल मीडिया

SIWAN: बिहार में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। यही कारण है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो गया है और वो एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को बेखौफ अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देने का काम कर रहे हैं। इस बार अपराधियों ने सीवान में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है, जहां हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल लूटने के लिए एक युवक को गोली मार दी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। 


सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। सिधवल पंचायत के टिकरी और तेतरीया गांव के बीच बाइक लूट के दौरान बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक की पहचान तेतरीया निवासी बिस्मिल्लाह हजाम के पुत्र आजाद अली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आजाद अली टिकरी बाजार में अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया।


प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बाइक लूट के प्रयास के दौरान अपराधियों ने गोली चला दी, जो युवक को जा लगी। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी हुई है।