Hindi News / bihar / siwan-news / छपरा में नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या, दहेज में बाइक की मांग का...

छपरा में नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या, दहेज में बाइक की मांग का आरोप, पहली सालगिरह के दिन सनसनीखेज वारदात

Bihar News: छपरा के बनियापुर थाना क्षेत्र से एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। शादी की पहली सालगिरह के दिन हुई इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मायके पक्ष ने दहेज को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि घटना के बाद ससुराल पक्ष...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 09, 2026, 10:50:02 AM

छपरा में नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या, दहेज में बाइक की मांग का आरोप, पहली सालगिरह के दिन सनसनीखेज वारदात

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के छपरा जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र के चतुर्भुज छपरा गांव से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


मृतका की पहचान रीता कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग एक वर्ष पहले नीरज यादव से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को उनकी शादी की पहली सालगिरह थी, लेकिन इसी दिन यह दर्दनाक घटना घट गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज में अपाची बाइक की मांग को लेकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।


परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही रीता को दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और बाइक की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गई। आरोप है कि नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या की गई और इसे सामान्य मौत या आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी की गई।


घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। मृतका रीता कुमारी मांझी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी रामेश्वर यादव की पुत्री थी। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।


गांव में भी इस घटना के बाद गहरा आक्रोश और दुख का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को बेहद अमानवीय और शर्मनाक बता रहे हैं। अचानक हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा जैसे सामाजिक अभिशाप पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।