Hindi News / bihar / sheohar-news / शिवहर में शादी की रात चार घरों में चोरी, 10 लाख के जेवर-नगदी...

शिवहर में शादी की रात चार घरों में चोरी, 10 लाख के जेवर-नगदी लेकर फरार हुए चोर

शिवहर के पिपराही थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान चोरों ने चार घरों का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नगदी चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस जांच में जुटी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 13, 2026, 4:21:06 PM

बिहार न्यूज

इलाके में दहशत - फ़ोटो रिपोर्टर

SHEOHAR:शिवहर के पिपराही थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर पंचायत के छतौना गांव में मंगलवार देर रात 1 से 2 बजे रात भीषण चोरी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चोरों ने एक ही मोहल्ले के चार घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।


चोरी की घटना उस वक्त हुई जब मोहल्ले में शादी समारोह चल रहा था और अधिकांश लोग अपने-अपने घरों में सोए हुए थे. कुछ लोग शादी में व्यस्त थे. जानकारी के अनुसार हरिशंकर महतो, युसूफ अंसारी, समसुल अंसारी और सलेबुन खातून के घरों में चोरों ने धावा बोलकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।


 बताया जा रहा है कि चोरों ने खासकर सोने-चांदी के आभूषणों को निशाना बनाया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चारों घरों से कुल मिलाकर 10 लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई है. पीड़ित समसुल अंसारी ने बताया कि परिवार के लोग घर के बगल वाले कमरे में सोए हुए थे, जबकि दूसरे कमरे में बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात सुरक्षित रखे गए थे. चोर पीछे के रास्ते छत के सहारे घर में घुसे और ताला तोड़कर सभी जेवरात लेकर फरार हो गए. 


उन्होंने बताया कि उनकी एक बेटी की शादी हो चुकी है और वह दूसरे शहर में रहती है. उसका जेवर भी घर में रखा हुआ था, जिसे चोर उठा ले गए। समसुल अंसारी के अनुसार करीब छह लाख रुपये के आभूषण चोरी हुए हैं। वहीं हरिशंकर महतो ने बताया कि वह खेती-किसानी का काम करते हैं और आलू-प्याज एवं सब्जी बिक्री का पैसा भी घर में रखा हुआ था। उन्होंने कहा कि जिस कमरे में परिवार सो रहा था, उस कमरे के दरवाजे को बाहर से कपड़े से बांध दिया गया ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद चोर दूसरे कमरे में घुसकर तीन से चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए।


ग्रामीण मुस्तकीम अंसारी ने बताया कि जिस मोहल्ले में चोरी हुई, वहीं बगल में शादी समारोह भी चल रहा था. शादी की चहल-पहल और रात के शोरगुल का फायदा उठाकर चोरों ने आराम से वारदात को अंजाम दिया। लगातार चार घरों में चोरी की घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है। लोग रात में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इधर सूचना मिलने के बाद पिपराही थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. इधर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर पहुँचकर जांच किया गया है तो पता चला कि तीन घर में एक लाख की चोरी हुई है. 


पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी के तरीके को देखते हुए पेशेवर गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि जहां चोरी हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर छतौना चौक स्थित है, जहां चौकीदारों की तैनाती भी रहती है. इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी की घटना हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है. लोगों ने रात में गश्ती बढ़ाने और गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। चोरी की घटना के बाद घटनास्थल पर एसपी शुभांक मिश्रा घटनास्थल पर पहुँचकर जांच शुरू कर दिया है. बताया कि जल्द ही घटना का उद्भेदन किया जाएगा।

शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट