Hindi News / bihar / sheohar-news / बिहार में सदर अस्पताल की बदहाल तस्वीर… घायल दरोगा के टूटे पैर में...

बिहार में सदर अस्पताल की बदहाल तस्वीर… घायल दरोगा के टूटे पैर में कार्टून-पाइप बांधकर इलाज, वीडियो वायरल

Bihar News: बिहार के शिवहर जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था की एक चौंकाने वाली घटना ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक गंभीर रूप से घायल पुलिस अधिकारी के इलाज के दौरान अस्पताल में अपनाई गई असामान्य व्यवस्था ने प्रशासन...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 09, 2026, 11:16:28 AM

बिहार में सदर अस्पताल की बदहाल तस्वीर… घायल दरोगा के टूटे पैर में कार्टून-पाइप बांधकर इलाज, वीडियो वायरल

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के शिवहर जिले के सदर अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने सरकारी अस्पतालों की तैयारियों और संसाधनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक दरोगा का इलाज अस्पताल में जिस तरीके से किया गया, उसका वीडियो वायरल होने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।


मामला उस समय सामने आया जब एनएच-227 पर फतेहपुर के पास सड़क दुर्घटना में घायल दरोगा श्यामलाल को इलाज के लिए सरोजा सीताराम सदर अस्पताल लाया गया। बताया जाता है कि हादसे में उनके पैर की हड्डी कई जगह से टूट गई थी और तत्काल उपचार की जरूरत थी। लेकिन अस्पताल में जो नजारा देखने को मिला, उसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दरोगा के टूटे पैर को स्थिर रखने के लिए अस्पताल कर्मियों ने मेडिकल उपकरणों की जगह कार्टून के टुकड़े और पानी चढ़ाने वाले पाइप का इस्तेमाल किया। इन्हें पैर के दोनों ओर लगाकर कपड़े से बांधा गया, ताकि टूटी हड्डी हिले नहीं। यह पूरा दृश्य वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।


वीडियो वायरल होते ही अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। लोगों का कहना है कि जब एक पुलिस अधिकारी के इलाज में ऐसी ‘जुगाड़ व्यवस्था’ अपनाई जा रही है, तो आम मरीजों की हालत क्या होती होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। अस्पताल में मौजूद कई लोगों ने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही बताया।


घटना की सूचना मिलते ही जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। ट्रैफिक डीएसपी, लाइन डीएसपी, नगर थाना अध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह, इंस्पेक्टर मंजर आलम, सुनील कुमार झा, श्यामपुर भटहां थाना अध्यक्ष सुनील कुमार और पिपराही थाना अध्यक्ष उमाकांत सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल दरोगा की स्थिति का जायजा लिया।


अस्पताल में बढ़ते हंगामे के बीच सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि घायल दरोगा के पैर की हड्डी कई टुकड़ों में टूट चुकी थी। बिना ऑपरेशन के तत्काल प्लास्टर संभव नहीं था, इसलिए अस्थायी सहारे के रूप में कार्टून और पाइप का उपयोग किया गया, ताकि मरीज को तत्काल राहत दी जा सके और दर्द कम हो। उन्होंने यह भी बताया कि बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए घायल दरोगा को सीतामढ़ी ले गए।


दरअसल, यह हादसा फतेहपुर पुराने थाना भवन के समीप हुआ था, जहां बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर में दरोगा श्यामलाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज की यह तस्वीर सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाएं कटघरे में आ गई हैं।


वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। डीएम ने सिविल सर्जन से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि हड्डी टूटने के कारण सहारा देने के लिए यह व्यवस्था की गई थी, लेकिन फिर भी पूरे मामले की जांच होगी और यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



(शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट)