Samastipur News: प्रयागराज में माघ पूर्णिमा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं ने बिहार के समस्तीपुर में 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस पर जमकर पथराव किया। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि श्रद्धालुओं ने एसी बोगियों के शीशे तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। यह घटना मधुबनी और दरभंगा के बीच हुई, जब श्रद्धालु ट्रेन में सवार नहीं हो पाए थे। गुस्साए लोगों ने ट्रेन की M1 और B5 बोगियों पर हमला किया और वहां के शीशे तोड़ दिए।
पथराव में कुल छह बोगियों के शीशे टूट गए, जिससे यात्री डरे-सहमे नजर आए। ट्रेन में हुई इस तोड़फोड़ के कारण कई यात्री घायल हो गए, और इसके बाद स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही समस्तीपुर रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन भारी भीड़ के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। रेलवे पुलिस भी श्रद्धालुओं की भीड़ के सामने पूरी तरह से बेबस नजर आई।
स्टेशन पर पूरी तरह से अफरातफरी का माहौल बन गया। इस घटना के कारण ट्रेन करीब एक घंटे देरी से चली। कई यात्री जिन्होंने ट्रेन में सवार होने की कोशिश की थी, उन्होंने अपना टिकट वापस करने की मांग की, क्योंकि वे अपनी यात्रा पर नहीं जा सके।






