1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 05, 2026, 6:19:28 PM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के मुंगेर जिले से एक अनोखी शादी की खबर सामने आई है, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है. टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के लगमा गांव में चोरी-छिपे मिलने पहुंचे एक प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने देख लिया. इसके बाद मामला दोनों परिवारों तक पहुंचा. काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों परिवार शादी के लिए तैयार हो गए और गांव के मंदिर में सभी की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी गई. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, लगमा गांव निवासी रवि कुमार, जो प्रदीप मांझी के पुत्र हैं, और टेटिया की रहने वाली करिश्मा कुमारी, जो अमरजीत मांझी की बेटी हैं, पिछले करीब दो साल से एक-दूसरे से प्रेम करते थे. दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे. बताया जा रहा है कि रवि ने करिश्मा को मिलने के लिए अपने गांव बुलाया था. दोनों गांव में मिल ही रहे थे कि कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में इसकी चर्चा शुरू हो गई.
मामले को बढ़ाने के बजाय ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए दोनों के परिवार वालों को मौके पर बुलाया. दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. पहले परिवार के लोगों ने पूरे मामले को समझा और फिर दोनों की इच्छा भी पूछी गई. जब यह साफ हो गया कि दोनों अपनी मर्जी से शादी करना चाहते हैं, तब दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी हो गए.
इसके बाद गांव के लोगों और दोनों परिवारों की मौजूदगी में लगमा गांव के मंदिर में पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी की सभी रस्में पूरी कराई गईं. रवि ने करिश्मा की मांग में सिंदूर भरा और दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई. शादी के बाद नवविवाहित जोड़े ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और वहां मौजूद बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया.
शादी के बाद रवि अपनी पत्नी करिश्मा को अपने घर लेकर पहुंचा. इस दौरान दोनों परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला. लड़के और लड़की की मां ने एक-दूसरे को गले लगाकर इस नए रिश्ते का स्वागत किया. गांव के कई लोग भी इस शादी के गवाह बने और नवविवाहित जोड़े को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं.
शादी के बाद जब रवि और करिश्मा से पूछा गया कि क्या वे इस शादी से खुश हैं, तो दोनों ने मुस्कुराते हुए अपनी सहमति जताई. रवि से यह भी सवाल किया गया कि क्या उस पर किसी तरह का दबाव था या वह आगे चलकर करिश्मा को परेशान करेगा. इस पर उसने साफ कहा कि शादी पूरी तरह उसकी मर्जी से हुई है और वह अपनी पत्नी का हमेशा साथ देगा. करिश्मा ने भी कहा कि वह इस शादी से खुश है और यह फैसला दोनों ने अपनी इच्छा से लिया है.
फिलहाल मुंगेर के लगमा गांव में हुई इस शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी तेजी से शेयर किया जा रहा है.