Hindi News / bihar / sheikhpura-news / Bihar Police Encounter : बिहार में अपराधियों पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन! लगातार...

Bihar Police Encounter : बिहार में अपराधियों पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन! लगातार तीसरे दिन एनकाउंटर’, बदमाश के पैर में लगी गोली

समस्तीपुर के उजियारपुर में पुलिस और बदमाश प्रिंस कुमार के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली से घायल प्रिंस को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी कई लूट और छिनतई मामलों में वांछित बताया जा रहा है।

1st Bihar Published by: RAMESH SHANKAR Updated May 20, 2026, 8:44:55 AM

Bihar Police Encounter : बिहार में अपराधियों पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन! लगातार तीसरे दिन एनकाउंटर’, बदमाश के पैर में लगी गोली

- फ़ोटो

समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में बदमाश प्रिंस कुमार पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जो आर-पार हो गई। घायल हालत में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।


जानकारी के अनुसार प्रिंस कुमार पर जिले के कई थाना क्षेत्रों में लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में उजियारपुर, सरायरंजन और कल्याणपुर थाना क्षेत्रों में हुई सीएसपी लूट और सड़क पर छिनतई की घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता सामने आ रही थी।


पुलिस सूत्रों के मुताबिक मंगलवार रात उजियारपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और उसका लोकेशन ट्रेस किया गया। तकनीकी जांच में पता चला कि प्रिंस भगवानपुर देसवा गांव स्थित हाईस्कूल के पास मौजूद है।


इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही प्रिंस बाइक लेकर भागने लगा। उसके पीछे पुलिस की गाड़ी लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद प्रिंस ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसी दौरान एक गोली प्रिंस के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह बाइक से नीचे गिर पड़ा। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच उसे इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।


घटना के बाद इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से पुलिस ने किसी को भी घटनास्थल के करीब जाने नहीं दिया। मीडिया कर्मियों को भी सीमित दूरी से ही कवरेज करने की अनुमति दी गई।


सूत्रों की मानें तो पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर उसके गिरोह और अन्य साथियों की जानकारी जुटाने में लगी है। संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ में जिले में हुई कई बड़ी आपराधिक घटनाओं का खुलासा हो सकता है।


समस्तीपुर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। हाल के महीनों में जिले में सीएसपी केंद्रों से लूट, बाइक सवार अपराधियों द्वारा छिनतई और राहगीरों से लूटपाट की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई थी। इन घटनाओं को लेकर आम लोगों में डर और नाराजगी का माहौल था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रिंस कुमार के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।