1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 21, 2026, 11:11:58 AM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका खौफनाक उदाहरण सोमवार को देखने को मिला। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर भुआल गांव के पास दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध फायरिंग की इस घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने बुलेट से जा रहे दो युवकों को पहले रोका और फिर उन्हें जान बचाने का मौका तक नहीं दिया।
मृतक की पहचान भुसकौल निवासी उपेंद्र राय के पुत्र अमित कुमार उर्फ फेकन के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक राजीव कुमार है, जो जितवरिया गांव का रहने वाला है। दोनों युवक किसी काम से बुलेट बाइक पर जा रहे थे, तभी अचानक तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। हालात को भांपते हुए दोनों युवक अपनी बाइक छोड़कर पास के कब्रिस्तान की ओर भागे, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी इतने बेरहम थे कि उन्होंने दोनों युवकों को कब्रिस्तान तक खदेड़ा और वहां ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अमित कुमार को कई गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजीव कुमार को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया। फिलहाल वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया। वारदात के बाद तीनों बदमाश पल्सर बाइक से बिरौली की दिशा में फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि इलाके में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे खुलेआम इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और उनकी ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।