Bihar Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां महज 10 इंच जमीन के विवाद में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
घटना हलई थाना क्षेत्र के जोरपुरा गांव की है। मृतक की पहचान सुरेंद्र सहनी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सहनी अपने खेत को देखने के लिए गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोश में आकर पटोरी-चकलालशाही रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान सड़क के दोनों लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
परिजनों का आरोप है कि घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे उनका गुस्सा और बढ़ गया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह परिजनों को शांत कराया गया और जाम हटवाया गया।
मृतक की पुत्री रीता देवी ने बताया कि यह हत्या 10 इंच जमीन के छोटे से विवाद को लेकर की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के ही लाल सहनी, सीताराम सहनी, मनोहर सहनी और सियाराम सहनी इस घटना में शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि करीब तीन महीने पहले भी इन्हीं लोगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की थी, जिसकी शिकायत पटोरी थाने में दर्ज कराई गई थी।
रीता देवी के अनुसार, जमीन को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई थी और मापी भी कराई गई थी। इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ और आरोपियों ने जबरन बाउंड्री वॉल बना ली थी। घटना वाले दिन जब सुरेंद्र सहनी अकेले खेत देखने गए, तो आरोपियों ने मौका देखकर उन्हें घेर लिया और पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।
वहीं, मृतक के पुत्र नीतीश कुमार सहनी ने भी इस घटना पर दुख और आक्रोश जताते हुए कहा कि उनके पिता की हत्या साजिश के तहत की गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस मामले में पटोरी डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी हुई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






