1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 01, 2026, 4:00:23 PM
- फ़ोटो
Bihar News: एलपीजी गैस सिलेंडर की लगातार हो रही किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा। सारण जिले के जलालपुर क्षेत्र में नाराज लोगों ने छपरा-मलमलिया मार्ग स्थित एनएच-331 को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
घटना सुबह हनुमान मंदिर के पास की बताई जा रही है, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस लेने पहुंचे थे। लेकिन जब उन्हें सिलेंडर नहीं मिला, तो उनका धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने 7 से 8 दिन पहले गैस बुकिंग करवाई थी और एजेंसी से पर्ची भी कटवा ली थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि कई लोगों के मोबाइल पर गैस डिलीवरी का मैसेज भी आ गया, जबकि उन्हें वास्तविक रूप से सिलेंडर मिला ही नहीं। इससे उपभोक्ताओं में और ज्यादा आक्रोश फैल गया।
रसोई से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित
गैस नहीं मिलने का असर सीधे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने बताया कि घर में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। खासकर बच्चों के स्कूल जाने के समय लंच तैयार करने में भारी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों—जय किशुन यादव, जहांगीर खान, मुन्ना यादव, नीरज कुमार सिंह और भोला राय—ने बताया कि पिछले तीन महीनों से नया गैस कनेक्शन भी नहीं मिल रहा है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
एजेंसी पर लापरवाही के आरोप
लोगों का कहना है कि गैस एजेंसी की ओर से पूरी तरह लापरवाही बरती जा रही है। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मियों को फोन करने पर उनका मोबाइल स्विच ऑफ रहता है या कॉल का जवाब नहीं दिया जाता। कोपा के पैक्स अध्यक्ष प्रतिनिधि तारकेश्वर साह ने भी बताया कि बुकिंग के पांच दिन बाद भी गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने इस मामले की शिकायत प्रशासन से की है।
प्रशासन ने समझाकर खुलवाया जाम
स्थिति बिगड़ते देख मौके पर पहुंचे जलालपुर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार और बीडीओ विनोद कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। हालांकि सड़क जाम खत्म होने के बाद भी उपभोक्ताओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वे गैस गोदाम पर पहुंचकर हंगामा करने लगे।
प्रशासन से की गई शिकायत
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय प्रतिनिधियों ने सदर एसडीओ नीतीश कुमार से शिकायत की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस समस्या का समाधान कब तक करता है।
आम लोगों की मांग
प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि उन्हें समय पर सिलेंडर मिल सके और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित न हो।