1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 01, 2026, 8:46:35 PM
कालाबाजारी का आरोप - फ़ोटो सोशल मीडिया
SARAN: सारण जिले के जलालपुर प्रखंड में गैस सिलेंडर वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर गुरुवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और कालाबाजारी व मनमानी के गंभीर आरोप लगाए।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था, जबकि कुछ लोगों को प्राथमिकता के आधार पर आसानी से गैस दी जा रही थी। इसी भेदभाव के विरोध में लोगों ने एजेंसी के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं, प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगरा स्थित संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
प्रारंभिक जांच में गैस वितरण प्रणाली में अनियमितता और संभावित कालाबाजारी की शिकायतें सामने आई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।