1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 16, 2026, 9:22:04 PM
डिजिटल भागीदारी पर जोर - फ़ोटो रिपोर्टर
SARAN: जनगणना को लेकर जिला प्रशासन ने सारण में तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जनगणना के राज्य समन्वयक सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल ने कहा कि इस बार देश के इतिहास में पहली बार पूर्णतः डिजिटल जनगणना के साथ स्वगणना की शुरुआत हो रही है।
उन्होंने बताया कि आज रात 12 बजे से स्वगणना का महाअभियान शुरू होगा और लोग se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी भर सकेंगे।
प्रधान सचिव ने अपील की कि “जनगणना पर चर्चा, सब भरें अपना पर्चा” टैगलाइन के साथ हर व्यक्ति कम से कम दस लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व का अभियान है, जिसके आधार पर आने वाले वर्षों की योजनाएं तैयार होंगी।
बैठक में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में त्रुटिरहित और समयबद्ध जनगणना के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। इस मौके पर मेयर, उपमेयर समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।