1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 23, 2026, 8:46:20 AM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: छपरा से बड़ी खबर है, जहां सदर अस्पताल की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। महीनों से खराब पड़ी लिफ्ट के कारण एक गर्भवती महिला को सीढ़ियों पर ही प्रसव करना पड़ा। इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
छपरा के सदर अस्पताल में बदहाल व्यवस्था की तस्वीर सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के करिंगा मुसहरी गांव की रहने वाली खुशी कुमारी को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल लाया गया था। मातृ-शिशु वार्ड दूसरी मंजिल पर होने के कारण परिजन उन्हें सीढ़ियों से ऊपर ले जा रहे थे, तभी पहली मंजिल की सीढ़ियों पर ही महिला का प्रसव हो गया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान नवजात के सिर में चोट लगने की आशंका भी जताई जा रही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि लिफ्ट पिछले एक महीने से खराब है, जिसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं प्रसव के बाद सीढ़ियों पर फैले खून की सफाई को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि सफाई कर्मियों ने परिजनों पर ही सफाई करने का दबाव बनाया, जिससे करीब आधे घंटे तक विवाद चलता रहा।फिलहाल जच्चा-बच्चा को वार्ड में भर्ती कराया गया है, लेकिन इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस पर क्या कार्रवाई करते हैं।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा