Hindi News / bihar / saran-news / अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन की टीम पर हमला, CO समेत पांच घायल; चार...

अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन की टीम पर हमला, CO समेत पांच घायल; चार महिला गिरफ्तार

Bihar News: छपरा के जलालपुर में अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम पर अवैध कब्जाधारियों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में CO समेत पांच लोग घायल हो गए, जबकि पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 23, 2026, 3:06:14 PM

Bihar News

- फ़ोटो Reporter

Bihar News: छपरा के जलालपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर अवैध कब्जाधारियों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान ईंट-पत्थर एवं लाठी-डंडे से किए गए हमले में अंचलाधिकारी (सीओ) सहित पांच लोग घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार विशुनपुरा कचहरी स्थित सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए अंचलाधिकारी अविनाश कुमार, राजस्व पदाधिकारी तथा अंचल गार्ड की टीम मौके पर पहुंची थी। सीओ अविनाश कुमार ने बताया कि अवैध कब्जाधारी सुरेश साह को अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व में तीन बार नोटिस दिया जा चुका था। बावजूद इसके कब्जा नहीं हटाया गया।


प्रशासनिक टीम जब कार्रवाई करने पहुंची तो आरोप है कि कब्जाधारियों के परिवार के पुरुष एवं महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते ईंट-पत्थर तथा लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में सीओ अविनाश कुमार, राजस्व पदाधिकारी अखिलेश्वर राम, अंचल गार्ड शंभूनाथ दुबे, मनोज कुमार सिंह एवं भुवनेश कुमार सिंह घायल हो गए।


घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर ले जाया गया, जहां सभी का उपचार कराया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस मामले में सीओ अविनाश कुमार ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट एवं हमला करने के आरोप में एक ही परिवार के चार पुरुष एवं चार महिलाओं के खिलाफ जलालपुर थाना में आवेदन दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा