1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 09, 2026, 10:09:55 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर
CHAPRA: छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। गुदरी बाजार स्थित विशाल मेगा मार्ट में बिजली का काम करने गए एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान भगवान बाजार थाना क्षेत्र निवासी परशुराम शाह के पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जितेंद्र पिछले दो दिनों से दैनिक मजदूरी पर विशाल मेगा मार्ट में बिजली संबंधी कार्य कर रहे थे। शनिवार को काम के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद जितेंद्र मौके पर ही तड़पते रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय रहते उचित सहायता और सुरक्षा इंतजाम नहीं मिलने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार गूंज उठी।
सबसे दुखद बात यह है कि मृतक जितेंद्र कुमार अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और एक दूधमुंहा बच्चा है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि यदि कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और तत्काल बचाव के साधन मौजूद होते तो शायद युवक की जान बचाई जा सकती थी। सूचना मिलने के बाद भगवान बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
छपरा से पवन कुमार सिंह की रिपोर्ट
