Hindi News / bihar / saran-news / चलती ट्रेन में विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद, छपरा में पांच तस्कर...

चलती ट्रेन में विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद, छपरा में पांच तस्कर गिरफ्तार

छपरा में आरपीएफ, CIB और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन संख्या 15232 से 106 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार कर रेल थाना छपरा में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 24, 2026, 4:37:16 PM

बिहार न्यूज

पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो सोशल मीडिया

CHAPRA: वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आरपीएफ की CPDS टीम, CIB एवं GRP ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 15232 में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।


जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को CPDS टीम छपरा द्वारा सुरेमनपुर से छपरा जंक्शन तक ट्रेन संख्या 15232 में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान कोच संख्या EC/227257 में कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में पिट्ठू बैग और थैला लिए खड़े दिखाई दिए। संदेह होने पर टीम ने जब बैगों की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।


बरामद शराब में रॉयल स्टैग, सिग्नेचर रेयर, ब्लेंडर प्राइड, मैजिक मोमेंट वोडका, आफ्टर डार्क, ऑफिसर चॉइस, किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बीयर एवं बडवाइजर मैग्नम प्रीमियम बीयर समेत विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। कुल 106.915 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 88 हजार 890 रुपये बताई गई है।


गिरफ्तार आरोपियों में वैशाली निवासी सदर कुमार, नयागांव निवासी सुजीत कुमार ओझा एवं सरोज कुमार, अमनौर निवासी श्याम सुंदर कुमार तथा सोनपुर निवासी हिमांशु पांडे शामिल हैं। इस मामले में रेल थाना छपरा में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। कार्रवाई में उप निरीक्षक विशाल, कांस्टेबल संजय यादव, कांस्टेबल अरविंद कुमार शाह, एएसआई विजय रंजन मिश्रा, एचसी रामसूरत कुमार, सीटी दिलीप कुमार तथा एएसआई लल्लन कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


छपरा। रिपोर्टर पवन कुमार सिंह