1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 13, 2026, 10:22:26 PM
परिजनों में मचा कोहराम - फ़ोटो सोशल मीडिया
SARAN: छपरा जिले के एकमा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, छपरा–सीवान एनएच-531 पर माने मठिया के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रसूलपुर गांव निवासी नितेश कुमार के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एकमा अस्पताल भेजा।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान के साथ-साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।