Hindi News / bihar / saharsa-news / बिहार में दरिंदगी की हद पार: मामूली बात पर सनकी युवक बना हैवान,...

बिहार में दरिंदगी की हद पार: मामूली बात पर सनकी युवक बना हैवान, 8 साल के मासूम का गला रेतकर कर दी हत्या

Bihar Crime News:बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद में 8 वर्षीय मासूम की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 14, 2026, 11:30:38 AM

बिहार में दरिंदगी की हद पार: मामूली बात पर सनकी युवक बना हैवान, 8 साल के मासूम का गला रेतकर कर दी हत्या

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद ने इतना खतरनाक रूप ले लिया कि एक सनकी युवक ने 8 वर्षीय मासूम की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


घटना सिटानाबाद दक्षिणी वार्ड संख्या 7 की है, जहां रविवार शाम करीब आठ बजे यह खौफनाक वारदात हुई। मृतक की पहचान मु. ओवेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चे को इस कदर निशाना बनाया गया कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा सिमरी बख्तियारपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने किया।


एसडीपीओ ने बताया कि मृतक की मां सकीना खातून के लिखित आवेदन के आधार पर दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हिमांशु खुद देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।


इसके बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, दारोगा सुधीर कुमार, अमरजीत सिंह और बलवाहाट थाना के दारोगा मेनुउद्दीन सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।


पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मामले में शामिल मुख्य आरोपी मु. साद हसन को गिरफ्तार कर लिया। वह मु. मोजाहिरुल हसन का पुत्र बताया जा रहा है।


पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह खेत से घास लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी टक्कर मासूम ओवेश से हो गई। इस दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर उसने कचिया से बच्चे का गला रेत दिया।


घटना के वक्त मृतक की बहन कुदरती परवीन अपने भाई को बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इस हमले में उसके हाथ में गंभीर चोट आई है और वह घायल हो गई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते लोग मौके पर नहीं पहुंचते, तो घटना और भी भयावह हो सकती थी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।


पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।