Hindi News / bihar / rohtas-news / एक घंटे की बारिश में डूबा सासाराम सदर अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर से ब्लड...

एक घंटे की बारिश में डूबा सासाराम सदर अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर से ब्लड बैंक तक जलजमाव

सासाराम में एक घंटे की तेज बारिश के बाद सदर अस्पताल का पूरा परिसर जलमग्न हो गया। ट्रॉमा सेंटर, ओपीडी, ब्लड बैंक और वार्डों में पानी भरने से मरीजों, परिजनों और डॉक्टरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

1st Bihar Published by: RANJAN Updated Jun 13, 2026, 7:32:03 PM

बिहार न्यूज

लोगों को हो रही भारी परेशानी - फ़ोटो रिपोर्टर

SASARAM: रोहतास जिले के सासाराम में शनिवार को हुई महज एक घंटे की मुसलाधार बारिश ने नगर प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के बाद सासाराम सदर अस्पताल का पूरा परिसर जलमग्न हो गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


सदर अस्पताल परिसर में ट्रॉमा सेंटर जाने वाले रास्ते से लेकर ओपीडी, यक्ष्मा केंद्र, सामान्य वार्ड, ब्लड बैंक और सिविल सर्जन कार्यालय परिसर तक हर तरफ पानी ही पानी नजर आया। अस्पताल परिसर किसी झील में तब्दील होता दिखाई दिया। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी अस्पताल परिसर में जमा हो गया।


हालात ऐसे हो गए कि मरीजों और उनके परिजनों को घुटनों तक पानी में उतरकर अस्पताल आना-जाना पड़ा। वहीं डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।


 एक ओर बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, तो दूसरी ओर अस्पताल में जलजमाव ने मरीजों और परिजनों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अस्पताल परिसर में जलजमाव की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। लोग स्वास्थ्य संस्थान में बुनियादी सुविधाओं और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।