1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 16, 2026, 6:13:26 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar News: बिहार के रोहतास जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 7 दिन बाद नई नवेली दुल्हन अपने पति और ससुराल वालों को चकमा देकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। मामला दिनारा प्रखंड के भानस थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
जानकारी के अनुसार, 1 मई को हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी बड़े धूमधाम से संपन्न हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य चल रहा था और परिवार में नई बहू के आने की खुशी का माहौल था। लेकिन शादी के एक सप्ताह बाद ही पूरी कहानी बदल गई।
आरोप है कि दुल्हन ने पहले अपने प्रेमी को फोन कर ससुराल बुलाया और जैसे ही वह बाइक लेकर पहुंचा, वह सात जन्मों के वादे को भूलकर उसके साथ फरार हो गई। घटना के बाद पीड़ित पति ने भानस थाने में एफआईआर दर्ज कराई। आरोप यह भी लगाया गया कि दुल्हन अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी भी लेकर चली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भानस थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। थानाध्यक्ष विजय बैठा के नेतृत्व में तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर छापेमारी कर दुल्हन और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों को बरामद करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जहां अदालत में बयान के बाद उन्हें जेल भेजा गया। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग नई दुल्हन के इस कदम से हैरान हैं।