1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 28, 2026, 11:44:43 AM
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल - फ़ोटो Reporter
Bihar News: बिहार में एक बार फिर से शिक्षा के मंदिर की मर्यादा तार-तार हुई है। मोतिहारी से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
वायरल वीडियो आदापुर प्रखंड के UMS उचीडीह स्कूल का बताया जा रहा है, जहां क्लासरूम के भीतर कुछ शिक्षक न सिर्फ चिकन पार्टी करते दिख रहे हैं, बल्कि शराबबंदी कानून का भी खुलेआम मजाक उड़ाते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में करीब आधा दर्जन शिक्षक क्लासरूम में बैठकर चिकन पार्टी का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं।
इस दौरान वे कड़ाही में बने चिकन को दिखाते हुए वीडियो भी बना रहे हैं, मानो किसी उपलब्धि का जश्न मना रहे हों। हैरानी की बात यह है कि पार्टी के दौरान शिक्षक शराब के बारे में भी बातचीत करते नजर आ रहे हैं। कोई पूछ रहा है कि शराब है या नहीं, तो कोई शराब चलाने की बात करता दिख रहा है। इससे साफ है कि शिक्षकों को न विभागीय नियमों का डर है और न ही नैतिक जिम्मेदारियों की परवाह।
चिकन पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि जब एक शिक्षक संजय से इस वीडियो के बारे में पूछा गया तो उन्हें खुद यह याद नहीं रहा कि वीडियो कब और कैसे रिकॉर्ड हुआ। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या स्कूल में इस तरह की लापरवाही करने वाले शिक्षकों पर कोई सख्त कार्रवाई होगी या फिर किसी एक पर कार्रवाई कर बाकी को छोड़ दिया जाएगा।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी