1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 13, 2026, 4:47:29 PM
वसूली का वीडियो वायरल - फ़ोटो Social media
Bihar News: बिहार के मोतिहारी के तुरकौलिया प्रखंड स्थित उत्क्रमित विद्यालय नरियरवा से एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है, जहां बच्चों के भविष्य से जुड़े संस्थान में ही कथित तौर पर खुलेआम रिश्वतखोरी का खेल चल रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्कूल के प्रधानाध्यापक एक अभिभावक से टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) देने के नाम पर पैसे लेते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि टीसी के लिए 300 से 500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि जन्मतिथि सुधार जैसे कार्यों के लिए 500 से 700 रुपये तक की मांग की जा रही है।
वीडियो में साफ दिखता है कि अभिभावक पैसे देता है और एचएम उसे कागज में मोड़कर रख लेते हैं। यह तस्वीर शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि फर्स्ट बिहार वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन जिस तरह से यह मामला तूल पकड़ रहा है, उसने लोगों में आक्रोश फैला दिया है।
सोशल मीडिया पर लोग तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। किसी ने इसे “शिक्षा के मंदिर का अपमान” बताया, तो किसी ने कहा कि “जब स्कूल ही भ्रष्टाचार सिखाएगा, तो आने वाली पीढ़ी क्या सीखेगी?” अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर आरोप पर संज्ञान लेंगे, या फिर बच्चों के भविष्य के साथ यह खेल यूं ही चलता रहेगा?
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी