Hindi News / bihar / purvi-champaran / बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइक की सीधी टक्कर में तीन युवकों...

बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइक की सीधी टक्कर में तीन युवकों की मौत

Bihar Road Accident: मोतिहारी के गोविंदगंज थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। अरेराज-पशुपतिनाथ मुख्य मार्ग पर हुए इस हादसे के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 12, 2026, 7:51:53 PM

Bihar Road Accident

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो File

Bihar Road Accident: बिहार के मोतिहारी में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना अरेराज-पशुपतिनाथ मुख्य मार्ग पर गोविंदगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी पुल के पास हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।



हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।



जानकारी के मुताबिक, एक अपाची बाइक पर सवार दो युवक सलेमपुर जीवधारा के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान रवि किशन और अनिश कुमार के रूप में हुई है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार युवक गोविंदगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी गांव का निवासी बताया जा रहा है।



घटना की सूचना मिलते ही गोविंदगंज थानाध्यक्ष राजू मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।



पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर बताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे इलाके में शोक का माहौल है।