Hindi News / bihar / purvi-champaran / बिहार में हॉर्न बजाकर VIP कल्चर का विरोध, ट्रैफिक रोकने पर फूटा लोगों...

बिहार में हॉर्न बजाकर VIP कल्चर का विरोध, ट्रैफिक रोकने पर फूटा लोगों का गुस्सा

मोतिहारी में वीआईपी मूवमेंट के कारण तेज गर्मी में घंटों ट्रैफिक रोकने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बाइक, ऑटो और कार चालकों ने एक साथ हॉर्न बजाकर विरोध जताया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 23, 2026, 3:25:06 PM

बिहार न्यूज

मोतिहारी का VIDEO वायरल - फ़ोटो सोशल मीडिया

MOTIHARI: बिहार के मोतिहारी से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बाइक, ऑटो, कार समेत कई वाहन चालक एक साथ हॉर्न बजाकर विरोध जताते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीआईपी मूवमेंट के नाम पर सड़क पर चल रहे आम लोगों को काफी देर तक रोक दिया गया था।


भीषण गर्मी और करीब 44 डिग्री तापमान के बीच चिलचिलाती धूप में लोग सड़क पर फंसे रहे। लंबे इंतजार से परेशान लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने एक साथ हॉर्न बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया। वायरल वीडियो में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार दिखाई दे रही है।


जानकारी के मुताबिक, वीआईपी काफिले के आने से काफी पहले ही ट्रैफिक रोक दिया गया था। तेज धूप और उमस के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया। लगातार पसीना बहने और गर्मी से परेशान लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। विरोध बढ़ता देख आखिरकार पुलिस को रास्ता खोलना पड़ा, जिसके बाद वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।


सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोग सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि वीआईपी मूवमेंट के नाम पर आम जनता को परेशान करना गलत है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर “Cockroachh Janta Party” नाम के एक यूजर ने लिखा, “बेहतर होगा कि सरकारें अपना रवैया और सिस्टम खुद ही दुरुस्त कर लें, वरना लोग जब सिस्टम बदलने निकलेंगे तो सरकार की छिछालेदर होगी।” वहीं, एक अन्य X यूजर वरुण ने लिखा कि “वीआईपी मूवमेंट पूरे देश से खत्म होनी चाहिए।”


वही इंस्टाग्राम पर prashantka_gram ने लिखा है कि "जनता जाग जाए, तो भ्रष्ट व्यवस्था भाग जाए : बिहार के मोतिहारी में लोगों ने VIP संस्कृति के खिलाफ़ ज़बरदस्त विरोध दर्ज कराया। पहले लगातार हॉर्न बजाकर रोड ब्लॉक का विरोध किया और फिर एकजुट होकर वीआईपी मूवमेंट तक रुकवा दिया। हालात ऐसे बने कि पुलिस भी सिर्फ़ जनता का विरोध देखती रह गई। यह घटना बताती है कि जब जनता अपने अधिकारों के लिए खड़ी हो जाए, तो सत्ता को भी झुकना पड़ता है। सड़कें जनता की हैं, किसी VIP शान दिखाने का माध्यम नहीं। अब हर नागरिक को नेताओं और नौकरशाहों की बेवजह वीआईपी व्यवस्था के खिलाफ़ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज़ उठानी चाहिए। 


वही प्रभाकर कुमार मिश्रा ने एक्स पर वीडियो भी शेयर करते हुए लिखा है कि इस तस्वीर को देखिए। बिहार के मोतिहारी की तस्वीर है। VIP मूवमेंट के नाम पर सड़क पर चलते लोगो को रोक दिया गया। लोगों का धैर्य जवाब दे दिया। लोगों ने एक साथ हॉर्न बजाकर विरोध जताया। रास्ता खोलना पड़ा! शासन- प्रशासन और सरकार को जनता के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए! नहीं तो लोकतंत्र के भीड़तंत्र में बदलने में समय नहीं लगता!
 

https://www.instagram.com/reel/DYqWSKFB7kn/?utm_source=ig_web_button_share_sheet