1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 26, 2026, 11:29:41 AM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के मोतिहारी जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सुगौली थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ गैंगरेप किए जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़िता अपने बॉयफ्रेंड से मिलने सुगौली थाना इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले युवक और युवती का आपत्तिजनक वीडियो जबरन बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया।
बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। डरी-सहमी पीड़िता ने बाद में अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरंत विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। एसडीपीओ सदर-1 दिलीप कुमार और थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रातभर कई जगहों पर छापेमारी की।
पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पहले दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के बाद तीन अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है।
इधर, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल के आसपास से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में तेजी से कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाने की कोशिश होगी, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके।