Hindi News / bihar / purvi-champaran / मासूम की गर्दन पर चाकू रख लूट की वारदात! 23 महीने के बच्चे...

मासूम की गर्दन पर चाकू रख लूट की वारदात! 23 महीने के बच्चे को बनाया ढाल, मां ने डरकर सौंप दी अलमारी की चाबियां

Crime News: मोतिहारी से आई इस वारदात ने हर किसी को सन्न कर दिया है। आधी रात घर में घुसे बदमाशों ने लूटपाट के दौरान एक मासूम बच्चे को ढाल बना लिया… उस पल परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल था—जान या सामान...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 20, 2026, 3:45:16 PM

मासूम की गर्दन पर चाकू रख लूट की वारदात! 23 महीने के बच्चे को बनाया ढाल, मां ने डरकर सौंप दी अलमारी की चाबियां

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के मोतिहारी से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। जमुनिया गांव में देर रात बदमाशों ने न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि एक 23 महीने के मासूम बच्चे को अपनी दरिंदगी का हथियार बना लिया।


घटना झरौखर थाना क्षेत्र के इस गांव की है, जहां वार्ड नंबर 7 निवासी गजेंद्र राय उर्फ लालू के घर में तीन नकाबपोश बदमाश आधी रात के करीब घुस आए। उस वक्त घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था। घर के अंदर सिर्फ किस्मती देवी, उनकी बहू और छोटा बच्चा आयुष थे। बदमाश दरअसल गजेंद्र राय को ढूंढ रहे थे, लेकिन उनके नहीं मिलने पर उन्होंने जो किया, उसने सभी को दहशत में डाल दिया।


घर में घुसते ही बदमाशों ने महिलाओं को धमकाना शुरू किया। लेकिन जब उन्हें लगा कि डराने से बात नहीं बनेगी, तो उन्होंने मासूम आयुष को पकड़ लिया और उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया। बच्चे की जान खतरे में देख घर की महिलाएं पूरी तरह घबरा गईं। उस पल उनके सामने सबसे बड़ा सवाल था—संपत्ति या बच्चे की जान।


मजबूर होकर मां और दादी ने अलमारी और पेटी की चाबियां बदमाशों को सौंप दीं। इसके बाद अपराधियों ने बिना किसी जल्दबाजी के आराम से पूरे घर को खंगालना शुरू कर दिया। उन्होंने पेटी तोड़कर करीब 4 लाख 16 हजार रुपये नकद निकाल लिए और ट्रंक में रखे लगभग 2 लाख रुपये के गहने भी अपने साथ ले गए।


पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश आसानी से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि वे दक्षिण दिशा की ओर भाग निकले। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल है। लोग इस बात से सहमे हुए हैं कि अपराधी अब मासूम बच्चों को भी नहीं छोड़ रहे।


सूचना मिलते ही झरौखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में छानबीन तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।